दमोह जिले सहित बुंदेलखंड के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र जागेश्वर धाम बांदकपुर में महाकाल लोक की तर्ज पर बनने जा रहे जागेश्वरनाथ लोक के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना के लिए शासन ने पहली किश्त के रूप में यह राशि स्वीकृत की है।
जागेश्वरनाथ धाम अब एक नए और भव्य स्वरूप में देश-दुनिया के श्रद्धालुओं को आकर्षित करने की दिशा में अग्रसर है। यह महाकाल लोक की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इस कॉरिडोर का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और क्षेत्रीय विकास की गति को तेज करना है। राशि जारी होने के बाद पहले चरण के निर्माण कार्यों ने गति पकड़ ली है। परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर का विस्तार, यात्री सुविधाओं का विकास तथा व्यावसायिक सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: कछुए भगवान विष्णु का कच्छप अवतार, सुख-समृद्धि देते हैं, पर घर में रखना अपराध; इनकी खूब मांग
फ्लाईओवर से होगी सुविधा
वर्तमान में बांदकपुर पहुंचने से पहले मंदिर से करीब तीन किमी पहले रेलवे क्रॉसिंग पड़ती है। श्रद्धालुओं को रेलवे फाटक बंद होने पर परेशानी उठानी पड़ती है और फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। लेकिन इस परेशानी से भी लोगों को जल्द ही छुटकारा मिल जाएगा, क्योंकि फ्लाईओवर का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और इसके जल्द शुरू होने की उम्मीद है। यह कार्य पांच चरणों में पूरा किया जाएगा।
पहले चरण में हो रहे प्रमुख कार्य
भजन हॉल, पूजा हॉल, कथा हॉल, विवाह मंडप और नए मंदिर निर्माण के साथ ऋषि-मुनियों की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं।
टेंपल शॉप, कैंटीन, पार्किंग, धर्मशाला और किचन ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए पुरानी बावड़ी का जीर्णोद्धार भी किया जा रहा है।
संस्कृत स्कूल और छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है, जिससे धार्मिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और फूड कोर्ट बनाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सेवाएं और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
ये भी पढ़ें: MP में आज भी जारी रहेगा बारिश का दौर, कई जिलों में लू का अलर्ट,अगले 4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
आस्था और आधुनिकता का संगम
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। सभी को उम्मीद है कि यह कॉरिडोर बांदकपुर को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की सूची में शामिल करेगा और क्षेत्र को नई पहचान दिलाएगा। क्योंकि जागेश्वरधाम को तेरहवें ज्योतिर्लिंग के रूप में भी पूजा जाता है। बता दें कि बांदकपुर के लिए सड़क और रेल मार्ग की सुविधा उपलब्ध है। हर दिन दर्जनों यात्री ट्रेनों का आगमन व प्रस्थान बांदकपुर रेलवे स्टेशन से होता है, जिससे यहां पहुंचने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।