दमोह-छतरपुर स्टेट हाईवे पर बटियागढ़ थाना क्षेत्र के गेवलारी की पुलिया पर सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। गिट्टी से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जबलपुर रैफर किया गया है। वहीं एक अन्य युवक के गिट्टी में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक पाठक के अनुसार डंपर बक्सवाहा की ओर से गिट्टी लेकर बटियागढ़ की तरफ आ रहा था। गेवलारी की पुलिया के पास तेज रफ्तार के कारण अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे डंपर सीधे पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शहजाद नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल और बाद में जबलपुर रैफर किया गया।
ये भी पढ़ें: Indore: स्वच्छता के पैमाने पर इस बार शुद्ध हवा के भी मिलेंगे अंक, इंदौर का दावा फिर मजबूत
हादसे में मृतकों में से एक की पहचान नितेंद्र सिंह उर्फ भल्ले यादव के रूप में हुई है, जो हटा का रहने वाला और पेशे से ठेकेदार था। बताया गया है कि उसने दो दिन पहले छतरपुर जिले के बक्सवाहा में दिप्पू जैन का क्रेशर किराए पर लिया था और सोमवार रात वहीं से डंपर में गिट्टी लेकर हटा लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
जिस पुलिया से डंपर गिरा, उसकी ऊंचाई करीब 25 फीट बताई जा रही है। यहां सड़क पर तीखा मोड़ है, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होते ही सीधे पुलिया से नीचे गिर जाता है। अंधेरा होने के कारण पुलिस को गिट्टी हटाने और राहत कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।