छिंदवाड़ा के पोआमा वनक्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की गतिविधि देखने को मिली है। इस बार मादा तेंदुए ने पोआमा नर्सरी में दस्तक दी है। रेंज ऑफिसर पंकज शर्मा ने बताया कि सोमवार की रात गश्त के दौरान पोआमा वनक्षेत्र में आईसीएफआई कैंपस के पास तेंदुए का मूवमेंट मोबाइल कैमरे में कैद हुआ। वन विभाग की टीम पिंजरा देखने गई थी, उसी दौरान पिंजरे के पास से तेंदुआ गुजरता हुआ नजर आया है। इससे पहले 19 नवंबर को स्थानीय लोगों ने तेंदुए की तस्वीरें ली थीं। फॉरेस्ट विभाग को भी 19 नवंबर से तेंदुए के मूवमेंट की जानकारी मिली थी।
मादा तेंदुआ करीब एक घंटे तक छुपते-छुपाते अंधेरे से उजाले की तरफ आती-जाती रही। आशंका है कि वह कार की लाइट के उजाले को देखकर गाड़ी का पीछा करती रही। रेंज ऑफिसर पंकज शर्मा ने बताया कि पहले तेंदुए को पकड़ने के लिए इंस्टीट्यूट के रहवासी क्षेत्र में तिराहे पर पिंजरा लगाया गया था, लेकिन दो दिन तक कोई मूवमेंट न होने के कारण पिंजरे को जंगल के अंदर लगा दिया गया। अब तेंदुए का मूवमेंट देखकर इंस्टीट्यूट के बाहर वाले क्षेत्र में एक और पिंजरा लगाया जाएगा। सोमवार को तेंदुए की गतिविधि देखने के बाद वन विभाग की टीम ने आसपास के क्षेत्र, रेलवे ट्रैक और मस्जिद के पास के घरों में अलर्ट जारी किया है।
पेंच से आना संभव नहीं
बीते वर्षों में पोआमा वनक्षेत्र में एक नर तेंदुए का मूवमेंट था। लेकिन, इस बार मादा तेंदुए का मूवमेंट देखा गया है। संभावना जताई जा रही है कि यह तेंदुआ परासिया क्षेत्र की ओर से पोआमा आया होगा। 18 नवंबर को गांगीवाड़ा में भी तेंदुए की गतिविधि देखी गई थी। पेंच पार्क और पोआमा क्षेत्र के बीच काफी खाली जगह होने की वजह से पेंच से तेंदुए का आना संभव नहीं माना जा रहा। फिलहाल, वन विभाग ने दो पिंजरों में बकरी रखकर तेंदुए को पकड़ने की तैयारी की है।