फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chhatarpur News: अयोध्या पहुंचने से पहले धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा में सौहार्द, मुस्लिमों ने किया स्वागत

Sat, 15 Nov 2025 04:09 PM IST
छतरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छतरपुर

अयोध्या की ओर बढ़ रही बागेश्वर धाम पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन पदयात्रा में मंगलवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। रास्ते में मुस्लिम समुदाय के युवा सलमान खान और शाहरुख खान बड़ी संख्या में अपने साथियों के साथ पदयात्रा के स्वागत के लिए पहुंचे। दोनों युवाओं ने शास्त्री का गर्मजोशी से सम्मान किया, जिसे शास्त्री ने पूरे प्रेम से स्वीकार किया।

शास्त्री ने युवाओं से हाथ मिलाकर कहा कि यह देश जितना हिंदुओं का है, उतना ही मुसलमानों का भी है। हमारी लड़ाई किसी धर्म से नहीं, बल्कि नफरत फैलाने वाली सोच से है। उन्होंने सभी समुदायों से भाईचारे और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की अपील की।

ये भी पढ़ें- सीएम डॉ. मोहन यादव के बेटे की शादी, जानिए हल्दी, मेहंदी, गणेश और माता पूजन की रस्में कब होंगी?

लाल किले ब्लास्ट घटना पर चिंता
शास्त्री ने हाल ही में दिल्ली के लाल किले क्षेत्र में हुए ब्लास्ट पर गहरी चिंता जताई। मुस्लिम युवाओं की ओर मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि देश रहेगा तभी धर्म और संविधान बचेंगे। ऐसी घटनाओं से देश को गहरी चोट पहुंचती है। उन्होंने युवाओं से अपने समुदाय के उन लोगों को समझाने को कहा जो गलत दिशा में जा रहे हैं।

शास्त्री ने कहा कि भारत की आत्मा उसकी साझा संस्कृति में बसती है। हम अब्दुल कलाम को सलाम करते हैं। रहीम और रसखान की वाणी भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने मुस्लिम युवाओं को राष्ट्रहित, संविधान और सामाजिक सद्भाव की शिक्षा अपने बच्चों तक पहुंचाने की सलाह दी।

हिंसा से दोनों समुदाय को नुकसान
शास्त्री ने साफ कहा कि दंगा कभी समाधान नहीं होता। समाज टूटता है तो नुकसान सभी का होता है। उन्होंने युवाओं से शांति का संदेश फैलाने की अपील की। पदयात्रा में हिंदू–मुस्लिम दोनों समुदायों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। भारत माता की जय, वंदे मातरम्, हिंदू–मुस्लिम भाई भाई के नारे माहौल में गूँजते रहे।अयोध्या पहुंचने से पहले देखा गया यह दृश्य आज के सामाजिक वातावरण में सौहार्द और सांझी संस्कृति की एक मजबूत मिसाल बन गया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें