जिले में खजुराहो रेलवे स्टेशन से पन्ना जा रही एक निजी कंपनी की बस बमीठा थाना क्षेत्र के चंद्रनगर नहर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में थी, इसी दौरान चालक का नियंत्रण बस से हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए बमीठा और चंद्रनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक इलाज किया जा रहा है। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आने की भी सूचना है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: Bhopal News: इंदौर हादसे के बाद भोपाल अलर्ट मोड में, पानी व्यवस्था बदलेगी, 15 साल पुरानी पाइप हटेंगी,जांच शुरू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और चालक तेज गति से बस चला रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और बस को सड़क से हटवाया। बमीठा थाना पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।