बुरहानपुर जिले के ग्राम बहादरपुर में श्मशान घाट से दो मृतकों की अस्थियां गायब होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। अंतिम संस्कार के तीन दिन बाद जब परिजन अस्थि-संचय के लिए श्मशान घाट पहुंचे, तो वहां अस्थियां नहीं मिलीं। घटना से परिजनों और समाजजनों में नाराजगी है। मामले की सूचना मिलने पर लालबाग थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
तीन दिन पहले हुआ था अंतिम संस्कार
जानकारी के अनुसार, ग्राम बहादरपुर में तीन दिन पहले एक महिला और एक पुरुष का अंतिम संस्कार किया गया था। परिजन निर्धारित समय पर अस्थि-संचय के लिए श्मशान घाट पहुंचे, लेकिन दोनों मृतकों की अस्थियां वहां नहीं मिलीं। इसके बाद मामले की जानकारी सामने आई और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई। अस्थियां किसने और किन परिस्थितियों में हटाईं, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
ये भी पढ़ें- 108 एंबुलेंस व्यवस्था तार-तार, लोडिंग वाहन में ऑक्सीजन सिलिंडर बांधकर जिला अस्पताल लाए गए दो गंभीर मरीज
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर लालबाग थाना पुलिस श्मशान घाट पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में कोई ठोस सुराग सामने आने की जानकारी नहीं है।
CCTV कैमरे लगाने की मांग
घटना को लेकर सरपंच प्रतिनिधि विजय उमाले, ग्राम पंचायत सदस्य सुरेश गोदड़े और समाजजनों ने चिंता जताई। समाज के गणमान्य नागरिक सुरेश निगम, समाधान भालेराव, पंकज सहित अन्य लोगों ने श्मशान घाट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। समाजजनों का कहना है कि श्मशान घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके और मामले की वास्तविकता सामने आ सके। फिलहाल पुलिस जांच जारी है।
जांच करने पहुंची टीम
जांच करने पहुंची टीम
जांच करने पहुंची टीम