बुरहानपुर जिले के नेपानगर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत एक वनपाल के आत्महत्या का प्रयास करने का बड़ा मामला सामने आया है। नगर की न्यू कॉलोनी में अपने घर में ही लाइसेंसी बंदूक से जान देने की कोशिश करने वाले वनपाल कृष्ण कुमार ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उन्होंने हाल ही में खंडवा रेंज का प्रभार संभाल रहे डिप्टी रेंजर शंकर सिंह सहित एक वनपाल, एक पत्रकार और ग्रामीण सहित कुल पांच लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं घटना के बाद उन्हें तुरंत नेपानगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि गंभीर हालत होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है और नेपानगर पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। बता दें कि आत्महत्या करने वाले वनपाल कृष्ण कुमार को बीते सप्ताह ही तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ा था। वहीं अपने सुसाइड नोट में इसी मामले से दुखी होने के चलते उन्होंने आत्महत्या करने की बात कही है।
ये भी पढ़ें-विंध्य में भाजपा दो फाड़, डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल को पोस्टर से 'आउट' कर सिद्धार्थ तिवारी ने चौंकाया
वनपाल कृष्ण कुमार बर्मन ने आत्महत्या से पहले लिखे अपने सुसाइड नोट में बुराहनपुर पुलिस अधीक्षक से निवेदन करते हुए उन्हें ग्राम बोरी के रेंजर शंकर सिंह चौहान, वनपाल नारायण केनिया, ग्राम सुक्ता नवाड़ (अम्बा) के रहने वाले सदाशिव डाबर के साथ ही पत्रकार दिलीप बामनया पत्रकार एवं ग्राम बोरी में ही एक कियोस्क सेंटर चलाने वाले नवल पर गम्भीर आरोप लगाए हैं। अपने सुसाइड नोट में वनपाल कृष्ण ने इन पांचों पर बीते एक माह से उन्हें प्रताड़ित करते हुए लोकायुक्त पुलिस के साथ मिलकर साठगाँठ करते हुए साजिश के तहत उन्हें फंसाना बताया है।
यही नहीं वनपाल कृष्ण ने इस सबके बाद लोकायुक्त इंदौर के जाल में फंसाते हुए उनका नाम मीडिया के जरिये पूरे जिले और प्रदेश में बदनाम करना बताया है। इससे उनकी आत्मा के दुखी होने के चलते आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाना बताया है। साथ ही इस सबके लिए पांचों को कठोर सजा दिलाकर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने का निवेदन भी किया है।