मध्यप्रदेश के बुरहानपुर नगर के रेणुका रोड स्थित कृषि उपज मंडी में अनाज व्यापारियों की समस्याएं रोजाना बढ़ती ही जा रही है। जिले में पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश के बाद से ही खऱीफ सीजन की उपजी मक्का की फसल में काफी नमी आ गई थी, जिसके चलते अनाज मंडी के व्यापारी इस तरह की मक्का की उपज को सामान्य उपज से थोड़ा कम दाम देकर किसानों से खरीद रहे हैं और फिर इस नमी वाली मक्का को व्यापारियों के द्वारा मंडी में ही उपज में से नमी सुखाने के लिए उसे पूरे मंडी प्रांगण के खाली मैदान में फैला दिया जाता है और इस तरह उसे धूप दिलाई जाती है।
लेकिन व्यापारियों का मंडी प्रांगण में इस तरह से मक्का फैलाना अब उनके लिए मुसीबत बनता जा रहा है। जमीन पर फैली इस मक्का को पहले तो कबूतर व अन्य परिंदे हो चट कर रहे थे। लेकिन अब तो यहां से चरने के लिए निकलने वाले मवेशी भी इस तरह से जमीन पर फैली मक्का को बड़े आराम से चट करते नजर आ रहे हैं। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चला है, जिसमे मंडी परिसर में फैली मक्का को वहां से गुजर रहे मवेशियों का झुंड चट करते हुए दिखाई दे रहा है, जिसको देखकर अब कहा जा रहा है कि इस तरह से मवेशियों के द्वारा मक्का का चरना व्यापारियों के लिए दोहरी मार साबित हो रहा है।
बुरहानपुर नगर की अनाज मंडी के व्यापारियों के लिए मंडी परिसर में असुरक्षित स्थान पर फैले मक्का को मवेशियों का निवाला बनने से रोकना बड़ी मुसीबत बनता दिख रहा है। इसको लेकर सवाल उठ रहा है कि मंडी परिसर में इतनी बड़ी तादाद में मवेशी कैसे प्रवेश कर रहे हैं। इसका एक वीडियो सामने आने के बाद इससे व्यापारी और किसान काफी नाराज नजर आ रहे हैं और मंडी प्रशासन से इसकी शिकायत की गई है। किसान और व्यापारियों ने मंडी प्रशासन से मंडी में मवेशियों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगाते हुए ठोस कदम उठाने की मांग भी की है। क्योंकि अगर यही हाल रहा तो भविष्य में व्यापारी किसानों से मक्का खऱीदने में हिचकिचाएंगे और किसान भी अपनी उपज मंडी में लाने से बचेंगे। लिहाजा समय रहते मंडी प्रशासन को इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने की जरूरत है।