फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेहगांव उपचुनाव: फर्जी मतदान और कांग्रेस प्रत्याशी की नजरबंदी का आरोप, थाने पर कांग्रेस का धरना

Mon, 29 Dec 2025 07:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिंड

भिंड जिले के मेहगांव नगर निकाय अंतर्गत वार्ड क्रमांक 5 में चल रहे उपचुनाव के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस पार्टी ने सरकार के संरक्षण में फर्जी मतदान कराए जाने तथा कांग्रेस प्रत्याशी को अवैध रूप से नजरबंद किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इन्हीं आरोपों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मेहगांव थाने पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया।

धरना स्थल पर हरीश चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की मूल भावना को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक दबाव में मतदाताओं को प्रभावित किया गया और कांग्रेस प्रत्याशी को चुनावी प्रक्रिया से दूर रखने के लिए अवैध रूप से नजरबंद किया गया, जो कि कानून और संविधान दोनों का उल्लंघन है। चौधरी ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव लोकतंत्र की पहचान है, लेकिन मेहगांव उपचुनाव में सत्ताधारी दल के इशारे पर नियमों को ताक पर रखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- बाघों की सुरक्षा में सेंध: इस साल अब तक 55 मौतें, 2010 से शिकार से मौत के मामलों में भी शीर्ष पर टाइगर स्टेट

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्रों पर बाहरी लोगों की मौजूदगी मतदाताओं को डराने-धमकाने और फर्जी मतदान जैसी शिकायतें सामने आईं, लेकिन प्रशासन ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब उन्होंने इन अनियमितताओं की शिकायत की तो उल्टे कांग्रेस प्रत्याशी और समर्थकों पर दबाव बनाया गया। धरने में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी मतदान कराने वालों पर सख्त कार्रवाई हो तथा कांग्रेस प्रत्याशी की कथित अवैध नजरबंदी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें