फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Betul News: चौपाटी पर विवाद के बाद दो शिक्षकों और उनके साथी से मारपीट, पुलिस ने मामला किया दर्ज

Thu, 30 Jan 2025 08:16 AM IST
बैतूल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बैतूल

बैतूल शहर की चौपाटी पर कुछ दुकानदारों द्वारा दो शिक्षकों और उनके एक साथी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन दुकानदारों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

गंज थाना क्षेत्र की चौपाटी पर बुधवार रात को यह घटना घटी। जानकारी के अनुसार, सुबह शिक्षक गौरव राठौर और अजय गावंडे बाइक से साईंखेड़ा स्कूल जा रहे थे। तभी कारगिल चौक पर उनकी बाइक सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। यह बाइक चौपाटी के एक दुकानदार की थी, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि, मामला जल्द ही शांत हो गया था।

शाम को शिक्षक गौरव राठौर, अजय गावंडे और उनका साथी सुधाकर मकोड़े चौपाटी पर पहुंचे, जहां सुबह हुए विवाद के चलते एक दुकानदार ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद अन्य दुकानदारों को बुलाकर तीनों के साथ मारपीट की गई। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।

गंज थाना पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर आरोपियों की मेडिकल जांच के बाद मामला दर्ज किया गया। जांच अधिकारी आरएस राजपूत के अनुसार, शिक्षकों की शिकायत पर चौपाटी के दुकानदार महेंद्र काकड़े, पप्पू रेचे और सुनील पोटे सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर तीनों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

पीड़ित शिक्षक अजय गावंडे ने बताया कि सुबह स्कूल जाते समय उनकी बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गई थी, जिसके बाद कहासुनी हुई थी। शाम को जब वे चौपाटी पहुंचे तो उक्त दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें