फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barwani: हाईवे से 40 यात्रियों के साथ गुजर रही स्लीपर बस में लगी आग, ड्राइवर ने मशक्कत कर यात्रियों को बचाया

Sun, 22 Dec 2024 06:50 PM IST
बड़वानी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बड़वानी

मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा ब्लॉक में हाईवे से गुजर रही एक निजी स्लीपर यात्री बस में अचानक आग लग गई। हादसे के दौरान बस में करीब 40 यात्री बैठे थे। यात्रियों ने ही बस के टायर से धुआं उठता देख शोर मचाया, जिसके बाद ड्राइवर ने आनन फानन में बस को तुरंत सड़क के साइड में खड़ा किया, और यात्रियों को सामान समेत नीचे उतरना शुरू कर दिया। इसी बीच अचानक बस ने आग पकड़ ली, जिसके चलते कुछ यात्रियों के समान जलने की भी बात सामने आई है। हालांकि गनीमत रही कि किसी यात्री को इस हादसे में चोट नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि मुम्बई से इंदौर जा रही यह यात्री बस हंस ट्रेवल्स की थी, जिसके डिस्क ब्रेक में घर्षण की वजह से आग लगना प्राथमिक तौर पर सामने आया है। इधर घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, और ट्रैफिक को डाइवर्ट कर सिंगल लेन से निकालना पड़ा, जिसके चलते पुलिस को भी काफी मशक्कत करना पड़ी।

बड़वानी जिले के सेंधवा से गुजर रहे नेशनल हाइवे पर मुम्बई से इंदौर जा रही एक निजी यात्री बस जो कि हंस ट्रेवल्स की थी, उसमें अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार बस ने जैसे ही बालसमुद स्थित आरटीओ चेक पाइंट क्रास किया, बस में अज्ञात कारण से धुंआ निकलने लगा। जिसे देख यात्री घबरा गए और उनकी आवाज सुन चालक ने बस को तत्काल पास के एक सत्यम ढाबे के पास खड़ी कर दिया, और तुरन्त ही बस की सवारीयों और उनके सामान को बस से उतारना शुरू कर दिया। इसी दौरान देखते ही देखते अचानक धुंए की जगह आग की लपटें भड़क गईं, और बस धू धूकर जलने लगी। हादसे की सूचना मिलते ही सेंधवा और राजपुर से फायर फायटर भी मौके पर पंहुचे, जिसके बाद तीन दमकलों की मदद से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस हादसे में बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है। वंही गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की कोई जनहानि नही हुई है, हालांकि कुछ यात्रियों के अनुसार उनका सामान बस के साथ ही चलकर खाक हो गया।

यात्रियों ने बताया कि हंस ट्रेवल्स की स्लीपर बस में वे मुंबई से एक दिन पहले शाम के समय इंदौर जाने के लिए बैठे थे। इस बीच घटना के कुछ देर पहले ही बस के पहियों के ब्रेक में कुछ परेशानी थी, जिसे ड्राइवर और क्लीनर ने ठीक करने की कोशिश भी की थी, और उसके बाद ही बस रवाना हुई थी। इस दौरान बस के ब्रेक की मरम्मत करने के चलते अपने तय समय से देरी से चल रही थी, और ब्रेक के घर्षण की वजह से ही टायर से धुंआ निकलना शुरू हुआ था। जिसे देख ड्राइवर को इत्तिला दी गई, और उसने बस को सड़क किनारे लगाकर सवारियों को उतारना शुरू कर दिया था । वहीं मौके पर पहुंचे नागलवाड़ी थाना प्रभारी माधव सिंह ने बताया कि घटना सत्यम ढाबे के पास की है, जहां बस के डिस्क ब्रेक में घर्षण की वजह से आग लगना प्रारंभिक तौर पर सामने आया है। हालांकि हादसे की जांच की जा रही है, लेकिन इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें