बड़वानी जिले के ग्रामीण अंचल में बीती रात एक किसान ने खेत में गंभीर आगजनी की घटना सामने आई है। किसान महेंद्र पिता पप्पू कुशवाह का नागलवाड़ी के कोलखेड़ा रोड स्थित खेत था, जहां यह घटना हुई है। इसकी शिकायत भी महेंद्र द्वारा नागलवाड़ी थाने में दर्ज कराई गई है। अपनी शिकायत में पीड़ित किसान महेंद्र ने बताया है कि उनके खेत में रखे गए लगभग 5000 लकड़ी के खूंटे किसी अज्ञात शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाकर जला दिए गए हैं। इस आगजनी से उन्हें करीब 1 लाख 80 हजार रु का आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
ये भी पढ़ें- दलित से सामूहिक दुष्कर्म: प्रेमी को मारकर छीन ले गए प्रेमिका, जंगल में युवती चीखती रही; दरिंदे लूटते रहे अस्मत
पीड़ित किसान ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे जब वे खेत पर पहुंचे, तो उन्हें दूर से ही वहां से उठती हुई आग की लपटें दिखाई दीं। इससे घबराकर महेंद्र जब खेत के नजदीक पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति उनके खेत में जानबूझकर आग लगा रहा था। किसान महेंद्र के अनुसार, जब उन्होंने उस आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। यह पूरी घटना पीड़ित किसान ने स्वयं देखी, और इसके बाद वे अपने परिवार के सदस्यों के साथ नागलवाड़ी थाने पहुंचे थे और वहां उन्होंने थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों को पूरी घटना बताते हुए उस आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करवाई है। इसको लेकर अब किसान ने कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।