जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के बरबसपुर गांव में 17 मार्च को मिली 50 वर्षीय महिला की लाश के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतका के बेटे को ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान ने बताया कि 18 मार्च को सूचना मिली थी कि बरबसपुर के डुग्गी तालाब के पास एक खेत में महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान नंसी बाई यादव (50), निवासी बरबसपुर के रूप में की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी डीएस बागरी के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान मृतका के बड़े बेटे हरिश्चंद्र उर्फ बियानू यादव (27) को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
ये भी पढ़ें- इतनी सी बात पर हत्या!: भाभी ने इस काम से किया इनकार तो देवर का खौल उठा खून, मरने तक डंडे से पीटता रहा वहशी
आरोपी ने बताया कि वह जमीन बेचने का इच्छुक था, लेकिन उसकी मां इसका विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। 16 मार्च की रात मां के सोते समय उसने साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को करीब 800 मीटर दूर डुग्गी तालाब के पास खेत में ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।