मुस्लिम राष्ट्रीय मंच सूफी शाह मलंग प्रकोष्ठ की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतिभागियों ने मौन रखकर मृतकों को नमन किया और देश की एकता, अखंडता एवं भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद करना उन लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करना है, जिन्होंने उस दौर में अपनों को खोया और कठिन परिस्थितियों का सामना किया। कैंडल मार्च के दौरान भारत की एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नई पीढ़ी को विभाजन के इतिहास से अवगत कराने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।