दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया' की ओर से सोमवार को लखनऊ स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर महासभा परिसर से शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला गया। यह मार्च बाबा साहब के पवित्र अस्थि कलश और बुद्ध विहार के प्रस्तावित स्थानांतरण के विरोध में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बाबा साहब के पौत्र भीमराव यशवंत राव अंबेडकर सहित सैकड़ों अनुयायी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि अस्थि कलश से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या स्थानांतरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस ऐतिहासिक स्थल को इसके वर्तमान स्वरूप में सुरक्षित रखा जाए और इसे विश्व धरोहर के रूप में विकसित किया जाए। मांग पूरी न होने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।