लखनऊ के सप्रू मार्ग स्थित एक होटल में विभूतिखंड स्थित गोमतीनगर रेलवे स्टेशन से जुड़ी आर1-आर2 कमर्शियल कॉम्प्लेक्स परियोजना के आवंटियों ने प्रेसवार्ता कर परियोजना में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। 'आर1-आर2 कमर्शियल कॉम्प्लेक्स व्यापारी वेलफेयर एसोसिएशन' के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2020-21 में रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) ने कंस्ट्रक्शन लिंक्ड प्लान के तहत 150 से 200 आवंटियों को दुकानें और व्यावसायिक स्थल आवंटित किए थे। आवंटियों का दावा है कि उन्होंने परियोजना लागत का लगभग 95 प्रतिशत भुगतान अपनी जमा पूंजी, सेवानिवृत्ति निधि और ऋण के माध्यम से कर दिया है। एसोसिएशन के अनुसार, परियोजना का कब्जा 30 सितंबर 2023 तक मिलना था, लेकिन निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ है, जिससे आवंटी आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। आवंटियों ने मांग की कि RLDA निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कर कब्जा देने की निश्चित तिथि घोषित करे। इसके अलावा सितंबर 2023 के बाद की देरी के लिए 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के भुगतान, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के गठन की स्वतंत्रता तथा कॉम्प्लेक्स में सफाई, सुरक्षा, पेयजल और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।