मोहर्रम के मद्देनजर राजधानी में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। लखनऊ के संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार ने बताया कि पूरे पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र को 5 जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों को निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष रूप से चौक, ठाकुरगंज, सआदतगंज, बाजारखाला, वजीरगंज और अमीनाबाद जैसे संवेदनशील इलाकों पर अतिरिक्त नजर रखी जा रही है। जुलूस मार्गों, इमामबाड़ों और कर्बला स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी तथा अन्य सुरक्षा इकाइयों की तैनाती की गई है।