मोहनलालगंज के खुजौली गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से मिले 30 वर्षीय गुड़िया के शव के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। मृतका की मां दुर्गा की तहरीर पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव शुक्रवार रात मायके गणेशखेड़ा पहुंचा, जहां परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और मृतका के दो नाबालिग बच्चों के नाम उनके हिस्से की संपत्ति दर्ज किए जाने की मांग की। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।