लखनऊ विश्वविद्यालय के रणवीर सिंह बिष्ट हॉस्टल की फीस 7 हजार रुपये से बढ़ाकर 27 हजार रुपये किए जाने के विरोध में छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने वीसी कार्यालय का घेराव कर हॉस्टल फीस कम करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि फीस में इतनी बड़ी बढ़ोतरी से उन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से बढ़ी हुई फीस वापस लेने की मांग की। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि हॉस्टल में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं, इसी वजह से फीस में वृद्धि की गई है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने फीस बढ़ोतरी के खिलाफ नारेबाजी भी की।