अलीगंज में हुए अग्निकांड के दौरान हुई 15 लोगों की मौत के बाद कोचिंग संस्थानों पर लगातार कार्रवाई जारी है। इस बीच कोचिंग बंद होने से नीट व जेईई की तैयारी कर रहे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही। अमर उजाला ने हजरतगंज में संचालित अलग अलग कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत की तो उन्होंने अपनी बात रखी। छात्रों ने बताया इस कार्रवाई के चलते हम लोगों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रताप मार्केट के पास एक हॉस्टल में रह रहे छात्रों ने बताया की वह दूसरे- दूसरे जनपदों से आकर लखनऊ के कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई करके अपना भविष्य बेहतर बनाने का प्रयास कर रहें हैं। इस समय पढ़ाई प्रभावित है। ऑनलाइन पढ़ाई की भी सुविधा नहीं मिल पा रही है। कोचिंग बंद होने से वह बच्चे भी निराश हैं जो एडमिशन लेकर पढ़ाई करना चाहते हैं। ऐसे ही कुछ छात्र ब्रहस्पतिवार को हजरत गंज स्थित एक कोचिंग में प्रवेश लेने पहुंचेंगे तो गार्ड ने उन्हें ये कहकर वापस कर दिया की अभी 27 तक कोचिंग बंद है। उन छात्रों ने भी अमर उजाला के कैमरे पर बात की।