अर्जुनगंज स्थित राम प्रकाश गुप्ता मैटेरनिटी एंड चाइल्ड स्टेट रेफरल अस्पताल, अमर शहीद पथ में हिंदुजा मोबाइल यूनिट की ओर से ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और पूर्व मुख्य सचिव मनोज सिंह मौजूद रहे। समारोह के दौरान हिंदुजा मोबाइल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मोबाइल यूनिट के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की पहल की गई है। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक सुलभ बनाने के प्रयास की सराहना की। ध्वजारोहण के बाद अतिथियों ने मोबाइल यूनिट का निरीक्षण किया और इसके माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। आयोजन में अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी और अन्य लोग भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच उन लोगों तक बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा, जिन्हें अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी होती है।