लखनऊ में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बाहर एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस यूनियन के सदस्यों ने धरना-प्रदर्शन किया। यूनियन के सदस्यों ने डीआरएम की ओर से बार-बार केवल आश्वासन दिए जाने, प्रशासनिक उदासीनता और अधीनस्थ कर्मचारियों को कार्य करने से रोके जाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने यूनियन की उपेक्षा किए जाने पर भी नाराजगी जताई। सदस्यों का कहना था कि कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को लेकर कई बार अधिकारियों से बातचीत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में यूनियन के सदस्यों ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाईं। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की और समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।