राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के आउटर पर शुक्रवार सुबह हुई मुठभेड़ के बाद बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया है। जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और बदमाश की मुठभेड़ प्लेटफार्म नंबर सात के आउटर पर हुई। बदमाश फिरोज को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। वह हरदोई जिले का रहने वाला है। फिरोज के खिलाफ रेलवे में सात आपराधिक केस दर्ज हैं। घटना पर थाना चारबाग के पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर सात के आउटर पर एक संदिग्ध व्यक्ति होने की जानकारी मिली और जब बुलाने का प्रयास किया गया तो पुलिस पर फायरिंग झोंक दी। जवाबी कार्रवाई में युवक घायल हो गया। पूछताछ में पता चला कि उसका नाम फिरोज है और उस पर नौ मुकदमे दर्ज हैं।