एक ओर जहां प्रदेश के कई हिस्से बाढ़ की चपेट में हैं, वहीं राजधानी में गोमती नदी का जलस्तर लगातार घटता नजर आ रहा है। चौक स्थित कुड़ियाघाट पर नदी का पानी किनारों से काफी पीछे चला गया है, जिससे किनारों पर जमा कीचड़ साफ दिखाई दे रही है। नदी में कई स्थानों पर जलकुंभी भी फैली हुई है। बारिश के मौसम में गोमती की यह स्थिति चिंता बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के बावजूद नदी का जलस्तर कम होना और जगह-जगह जलकुंभी का जमाव नदी की स्थिति की ओर ध्यान खींचता है। गोमती के घटते जलस्तर और बढ़ती गंदगी से नदी के पर्यावरणीय स्वास्थ्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने नदी की नियमित सफाई, जलकुंभी हटाने और जल प्रवाह बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई है।