नादरगंज पावर हाउस परिसर में सोमवार को विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्युत लोड बढ़ाए जाने, जले मीटर, अधिक बिल आने और विद्युत कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे। इस दौरान कई उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों पर बिना सूचना दिए विद्युत लोड बढ़ाने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। अमौसी निवासी विद्युत उपभोक्ता अमित सिंह ने बताया कि उनके कनेक्शन का लोड पहले चार किलोवाट था, जिसे बिना बताए बढ़ाकर पांच किलोवाट कर दिया गया। इसके बावजूद उन्हें तीन फेस की विद्युत सप्लाई नहीं मिल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि गर्मी के मौसम में हर वर्ष लोड बढ़ा दिया जाता है, लेकिन सर्दी शुरू होने पर क्या विद्युत विभाग उपभोक्ताओं का लोड दोबारा कम करेगा। वहीं, बदली खेड़ा निवासी पंकज अवस्थी ने बताया कि उनके मीटर का टीपी जल गया है, जिसकी शिकायत उन्होंने विद्युत शिविर में दर्ज कराई है। औरावा निवासी तिवारीलाल ने बताया कि उनका मीटर जले हुए काफी समय हो गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक मीटर नहीं बदला गया।शिविर में पहुंची मनोरमा ने बताया कि उनके यहां सोलर का कनेक्शन लगा हुआ है और उनके खाते में 413 यूनिट बचत में थीं। उनका कहना है कि अपडेट किए जाने के बाद बची हुई यूनिट शून्य हो गईं। वहीं कई उपभोक्ताओं ने सोलर पैनल लगने के बावजूद विद्युत बिल अधिक आने की शिकायत भी दर्ज कराई। शिविर में सबसे अधिक शिकायतें बिना उपभोक्ताओं को जानकारी दिए विद्युत लोड बढ़ाए जाने को लेकर सामने आईं। उपभोक्ताओं ने विभाग से मांग की कि लोड बढ़ाने से पहले उन्हें इसकी जानकारी दी जाए और जले मीटर, गलत बिल तथा सोलर कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए।