राजधानी लखनऊ में वूमेन्स प्रो वॉलीबॉल लीग(WPVL) के शुभारंभ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। केंद्र की 'फिट इंडिया' मुहिम और साईं (SAI) सेंटरों की स्थापना से खिलाड़ियों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कोच उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसके तहत ग्रामीण विकास, पंचायती राज विभाग और मनरेगा के सहयोग से 12 मापदंड तय कर 20,000 से अधिक ग्राम पंचायतों में खेल के मैदान विकसित कर समर्पित किए गए हैं, ताकि ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारा जा सके।