राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। आक्रोशित घरवालों ने शव रखकर जाम लगाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने में जुटी रही। घटना बख्शी का तालाब क्षेत्र के मुबारकपुर-तरहिया रोड की है। यहां सुबह ईंट लदी ट्रैक्टर- ट्रॉली ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चला रहे 40 वर्षीय राम स्वरूप निवासी कमलाबाद बढ़ौली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उनकी पत्नी गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना से आक्रोशित घरवालों और ग्रामीणों ने शाम करीब 5 बजे शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की कोशिश की। सूचना पर अलीगंज, बीकेटी, मड़ियांव और जानकीपुरम थाने की पुलिस पहुंच गई। एसीपी बीकेटी अमोल मुरकुट भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। हंगामा कर रहे लोग मृतक के परिवार को 10 लाख की आर्थिक मदद और आरोपी पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।