लखनऊ में जानकीपुरम थाने के पास मामा चौराहे पर सड़क से नीचे धंसा सीवर चैंबर हादसों का कारण बन रहा है। बारिश के बाद चैंबर के आसपास पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को सड़क में बना गड्ढा दिखाई नहीं देता। शुक्रवार शाम भी इसकी चपेट में आकर स्कूटी सवार महिला गिरकर घायल हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार शाम मामा चौराहे पर जलभराव के बीच स्कूटी सवार महिला सड़क से नीचे धंसे सीवर चैंबर को नहीं देख सकी। स्कूटी का पहिया गड्ढे में जाने से वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। पास मौजूद दरोगा रवि सिंह ने मौके पर पहुंचकर यातायात रुकवाया और महिला को सड़क के किनारे सुरक्षित पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामा चौराहे से लेकर कुर्सी रोड तक कई सीवर चैंबर सड़क की सतह से काफी नीचे हो गए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाता है, जिससे गड्ढे दिखाई नहीं देते। इससे दोपहिया वाहन चालक अचानक चैंबर की चपेट में आकर गिर जाते हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की सतह के बराबर सीवर चैंबर कराने और जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की है, ताकि हादसों पर रोक लग सके।