लखनऊ में श्रावण मास में मनकामेश्वर मंदिर के मुख्य गणेश द्वार पर नगर निगम की ओर से लगाई गई विद्युत डिस्प्ले हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शिव भक्तों का आरोप है कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर मंदिरों को सजाने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्य के तहत यह डिस्प्ले लगाई गई थी, लेकिन वार्ड पार्षद के नाम का बोर्ड ढक जाने के कारण इसे हटवा दिया गया। मामले को लेकर शिव भक्तों में नाराजगी है। शिव भक्तों के अनुसार, मनकामेश्वर मंदिर कावड़ियों के प्रमुख मार्ग पर स्थित है और श्रावण मास में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर के मुख्य गणेश द्वार को विद्युत डिस्प्ले से सजाया गया था। आरोप है कि मनकामेश्वर वार्ड के पार्षद रंजीत सिंह यादव के नाम का बोर्ड डिस्प्ले के पीछे आ गया। इसके बाद नगर निगम के विद्युत विभाग से डिस्प्ले हटवा दी गई। विवाद के विरोध में शिव भक्तों ने मंगलवार को दोपहर 12 बजे झूलेलाल वाटिका से नगर निगम तक पैदल शांति मार्च निकालने की घोषणा की है। संचालक शेखर कुमार के मुताबिक, मार्च के माध्यम से प्रदेश शासन और नगर निगम प्रशासन तक अपनी मांग और आपत्ति पहुंचाई जाएगी।