लखनऊ में कुर्सी रोड स्थित सृष्टि, स्मृति और सरगम अपार्टमेंट के सामने बनी 11 केवी व 33 केवी विद्युत ट्रेंच इन दिनों गंभीर खतरे का कारण बनी हुई है। करीब 400 मीटर लंबी इस ट्रेंच से लगभग 14 हाईटेंशन केबलों का समूह गुजर रहा है, लेकिन रखरखाव के अभाव में पूरी ट्रेंच कूड़ा-कचरे और सूखे पत्तों से पट गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रेंच पर लगाए गए कई पटरे टूटकर अंदर गिर चुके हैं, जिससे नीचे गुजर रही विद्युत केबलें खुली और असुरक्षित स्थिति में पहुंच गई हैं। ट्रेंच के अंदर पन्नी, सूखे पत्ते और ज्वलनशील कचरा जमा है। लोगों का कहना है कि यदि किसी ने लापरवाही में जलती सिगरेट या बीड़ी फेंक दी तो आग लग सकती है। पूर्व में भी इस तरह की घटना हो चुकी है, जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। क्षेत्रवासियों ने बताया कि यदि ट्रेंच में आग लगती है तो केवल अपार्टमेंट निवासी ही नहीं, बल्कि आसपास के बड़े इलाके के उपभोक्ताओं को भी लंबे बिजली संकट का सामना करना पड़ सकता है। लोगों ने विद्युत विभाग से तत्काल सफाई कराने, टूटे पटरे बदलवाने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।