कांग्रेस के पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह ने लेह में सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या बताया। उन्होंने कहा कि लेह के लोग पिछले कई दिनों से स्टेट का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे थे। सरकार की गलती की वजह से वहां पर हिंसा भड़की जिस में कई लोग मारे भी गए। जम्मू के लोग भी स्टेट बनाने की मांग कर रहे है जिस के लिए कांग्रेस भी लोगों के समर्थन में सड़कों पर उतरी है। शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माड़ी स्थित जिला अस्पताल परिसर में जारी धरने में शामिल होने आए थे। गौरतलब है कि अस्पताल में डॉक्टरों व स्टाफ की कमी को ले अस्पताल परिसर में कांग्रेस के युवा नेता करन दीप सिंह पिछने नौ दिनों से धरने पर बैठे है। शनिवार को धरने में पहुंचे लाल सिंह ने कहा कि अस्पतालों डॉक्टरों की कमी होना बेहद चिंता की बात है। लोगों को उपचार की सही व्यवस्था नहीं मिल रही है। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है वहीं स्टाफ भी कम है। पूर्व मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर उन्होंने अस्पतालों की स्थिति में सुधार ला लोगों को हर संभव सुविधा दी थी अब लोगों को बेहतरीन उपचार के लिए दरबदर होना पड़ रहा है। अस्पताल में डॉक्टरों की कमी होना स्वास्थ्य विभाग की नहीं बल्कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गलती है जो लोगों को सुविधा दिलवाने के लिए आगे नहीं आ रहे है। इस से पहले उन्होंने धरने में शामिल लोगों साथ बैठ कर उनकी समस्याएं सुनी। मौके पर कांग्रेस के जिला प्रधान भूपिंदर सिंह जमवाल,पूर्व जिला प्रधान प्रीतम सिंह,महिला प्रधान शोभा शर्मा,पूर्व महिला प्रधान सत्या परमार,सोहन चंद,पवन बनाथिया व अन्य कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।