अमर उजाला ब्यूरो झांसी। अमर उजाला की ओर से सोमवार को आयोजित कार्यक्रम ‘सनातन अंश’ में शामिल होने झांसी आए फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों ने अपने अनुभव साझा किए। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली बोली में गीत लिखने वाले गीतकार साधु तिवारी ने कहा कि ग्वालियर से होने के कारण उनका बुंदेलखंड से गहरा रिश्ता है। फिल्म में बुंदेलखंडी भाषा का खूब इस्तेमाल किया गया है। यह खुशी की बात है कि बुंदेली बोली में गाया गया गीत दुनियाभर में लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने बताया कि वह 16 वर्ष की उम्र से संगीत से जुड़े हैं। वर्ष 2010 में मुंबई गए थे। इससे पहले वह प्रवक्ता थे, लेकिन शुरुआत से ही संगीतकार बनने का लक्ष्य था। अब लोगों को उनकी आवाज भी पसंद आ रही है, यह उनके लिए खुशी की बात है।