भारतीय जनता पार्टी यानी बीजेपी का अगला अध्यक्ष जल्द ही मिलने वाला है। कई नामों को लेकर अटकलें चल रही हैं। बीजेपी के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल करीब दो साल पहले समाप्त होने के बाद उन्हें लगातार एक्सटेंशन मिल रहा था।राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव से पहले पार्टी आला नेतृत्व उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, दिल्ली और हरियाणा जैसे करीब 5 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव पर फोकस कर रही है. मिली जानकारी के मुताबिक इन प्रदेश अध्यक्षों के नाम राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन से पहले तय किए जाएंगे.अब तक बीजेपी लगभग 27 प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति कर चुकी है. मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों में संगठन की कमान नए चेहरों को सौंप दी गई है, लेकिन उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, हरियाणा और दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष का फैसला अभी लंबित है. फिलहाल बीजेपी में सबसे बड़ा सवाल ये है कि संसद के मानसून सत्र से पहले बीजेपी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा या नहीं. संसद सत्र शुरू होने में अब महज 9 दिन बाकी हैं.बीजेपी में अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया में अंतिम मुहर अक्सर संघ की ओर से ही लगता है. अध्यक्ष ऐसा चेहरा होना चाहिए, जो सब को साथ लेकर चल सके और संघ के सिद्धांतों के प्रति भी प्रतिबद्ध हो. 10 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से स्वदेश वापसी के बाद दिल्ली में संगठन स्तर पर हलचल जरूर बढ़ी है लेकिन सूत्र बताते हैं कि आरएसएस से राय मशविरे के बगैर राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा नहीं की जा सकती.