देश में गर्मी अपना प्रकोप दिखा रही है.. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी होने के बावजूद लोगों को भीषण गर्मी से राहत नहीं मिल पाई है। जबकि पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। उत्तर प्रदेश में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बने हुए हैं, जहां बांदा और प्रयागराज जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। कई अन्य जिलों में भी पारा 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। दूसरी ओर, हल्की बारिश के चलते दिल्ली में तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और शनिवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से नौतपा शुरू होने जा रहा है, जिसके दौरान अगले नौ दिनों तक भीषण गर्मी, लू और तेज पछुआ हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।।