फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Forecast: कैसा रहेगा आप के यहां आज मौसम का हाल?

Tue, 22 Jul 2025 05:42 AM IST
सत्यम दुबे वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम

भारी बारिश से पश्चिमी हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) और उत्तराखंड में एक बार फिर तबाही मची है। बारिश के कारण अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई है। तीन राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 400 से अधिक सड़क मार्ग बंद हो गए और हजारों लोग बीच सफर में फंस गए। हिमाचल में भारी बारिश को लेकर जारी अलर्ट के चलते स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई हैं।

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को रेड अलर्ट के बीच भारी बारिश हुई। चंबा के चुराह के नेरा में बादल फटने से मैहला में पहाड़ी से चट्टान घर पर गिर गई, जिससे भीतर सो रहे नवविवाहित जोड़े की मौत हो गई। खराब मौसम के चलते तीन जिलों के कुछ उपमंडलों में स्कूल बंद करने पड़े। किन्नौर में टोंगटोंगचे नाले में भी बाढ़ आई। किन्नौर कैलाश यात्रा भी खराब मौसम के चलते एक दिन के लिए बंद करनी पड़ी। प्रदेश में तेज बारिश से सतलुज समेत सभी नदियां उफान पर हैं। सोमवार को शिमला, कुल्लू व कांगड़ा के हवाईअड्डों पर सभी उड़ानें रद्द हो गईं।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में पीपली के ड्योड़ा में बकरियां चराने गया सोबन सिंह (35) पुत्र हीरा सिंह काली नदी में बह गया। चीन सीमा को जोड़ने वाली धारचूला-तवाघाट-लिपुलेख सड़क चट्टानें टूटने से बंद हो गई। चोरगलिया के शेरनाले में पानी बढ़ने से 10 लोगों से भरी स्कार्पियो बह गई। उनकी चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने उन्हें किसी तरह बाहर निकाला।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भूस्खलन बैंछ कलसां गांव में हुआ। यहां प्राथमिक स्कूल इसकी चपेट में आ गया। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई। चार बच्चे और एक शिक्षक भी जख्मी हो गया। उधर, चंडीगढ़ समेत पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में भी सोमवार को भारी बारिश हुई। लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, फिरोजपुर और मोहाली समेत अन्य कई जिलों में भी मूसलाधार बारिश हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें