असम में सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से तीन हाथियों की मौत हो गई। यह घटना असम के जोगीजान इलाके के होजाई रेलवे स्टेशन के निकट घटी। डिब्रूगढ़ से चलने वाली विवेक एक्सप्रेस की चपेट में पटरी पार कर रहे हाथियों का झुंड आ गया, जिसमें तीन हाथियों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी। वन विभाग ने यह निर्देश जारी किया था कि रात में हाथियों के इलाके में ट्रेन की रफ्तार कम रखी जाए, जिसका पालन नहीं किया गया। वहीं रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि उस इलाके को हाथियों की गतिविधि के लिए चिन्हित नहीं किया गया था और इसलिए ट्रेन की गति सीमा का सवाल नहीं उठता।