UP Politics: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत के बीच हुई झड़प के बाद चरखारी विधायक की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। लगातार कार्यक्रमों में बयानबाजी और सोशल मीडिया में पोस्ट करने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विधायक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब न देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है। वहीं, विधायक के तेवर नरम नहीं हुए हैं। वहीं, चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के पार्टी बदलने की चर्चाएं भी जोरों पर हैं।
जलशक्ति मंत्री को रोकने के बाद जरूरत पड़ने पर किसी को भी रोकने वाले बयान, भाजपा में आने से पहले झांसी में मंत्री प्रदीप जैन को बंधक बनाए जाने वाले बयान और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री को भी रोकने संबंधी बयानों से खलबली मचाने वाले चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के पार्टी बदलने की चर्चाएं भी जोरों पर हैं। काफी समय से उनके बगावती तेवर से इन कयासों को बल मिल रहा है और चर्चा है कि वे समाजवादी पार्टी का दामन थाम सकते हैं।
चरखारी विधानसभा क्षेत्र लोधी बाहुल्य माना जाता है। इस बार के लोकसभा चुनाव में हमीरपुर-महोबा लोकसभा क्षेत्र में अजेंद्र सिंह लोधी भी सपा से सांसद चुने गए हैं। सपा को क्षेत्र में लोधी वोट ज्यादा मिलने की चर्चाएं हैं। ऐसे में उनके सपा में जाने की चर्चाएं हैं। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।