कांग्रेस ने मंगलवार को मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत के रूस से तेल आयात का मामला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पिछले दिनों में कई बार उठाया गया है। कांग्रेस ने कहा कि उन्होंने (ट्रंप) विदेश मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ किसी भी बातचीत से इनकार करने की कोशिशों को नकार कर दिया है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पिछले पांच दिनों में राष्ट्रपति ट्रंप अब तक तीन बार भारत द्वारा रूस से तेल आयात के मुद्दे को उठा चुके हैं। बता दे की राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि उन्होंने अपने अच्छे दोस्त प्रधानमंत्री मोदी से बात की है और भारत ने रूस से तेल आयात को बंद करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय ने ऐसी किसी बातचीत की जानकारी होने से इनकार किया है, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप ने मंत्रालय के इस खंडन को नकार दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर तीखा हमला बोलते हुए चेतावनी दी थी कि अगर भारत रूसी तेल खरीदना जारी रखता है तो उसे 'भारी' टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है। पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने फिर दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आश्वासन दिया है कि भारत मास्को से कच्चे तेल का आयात बंद कर देगा। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने पिछले हफ्ते के अपने दावे को दोहराते हुए कहा, उन्होंने (पीएम मोदी) ने मुझे कहा है कि रूसी तेल वाली चीज नहीं करेंगे। लेकिन अगर वह ऐसा करते हैं, तो वो बहुत भारी टैरिफ चुकाएंगे। पत्रकारों ने जब ट्रंप से कहा, भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उन्हें ट्रंप और मोदी के बीच हुई बात की जानकारी नहीं हैं। इस पर ट्रंप ने जवाब देते हुए कहा कि यदि वे ऐसा कहना चाहते हैं, तो वे भारी टैरिफ का भुगतान करना जारी रखेंगे, और वे ऐसा नहीं करना चाहेंगे।