Lalu Yadav Family: बिहार मे विधानसभा चुनाव से पहले लालू परिवार में मचे घमासान पर रोहिणी आचार्य को उनके बड़े भाई व पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव का साथ मिल चुका है। उन्होंने कहा है कि हमारी बहनों का जो अपमान करेगा, उन पर कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलेगा। तेज प्रताप यादव ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, "एक महिला होने के नाते उन्होंने जो सराहनीय काम किया है शायद ही कोई बेटी या मां कर सकती है। यह हमारे और सभी महिलाओं के लिए पूजनीय है। इनकी चर्चा सदैव की जाएगी। हमारी बहनों का जो अपमान करेगा, उन पर कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलेगा।"
बता दें कि, लालू परिवार में विवाद लगातार गहराता जा रहा है। रोहिणी आचार्य ने शुक्रवार को अपने पिता लालू प्रसाद यादव को जीवनदान देने वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "जो जान हथेली पर रखते हुए बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने का जज्बा रखते हैं, बेखौफी-बेबाकी-खुद्दारी तो उनके लहू में बहती है.."
इस पोस्ट के कुछ ही घंटे बाद रोहिणी ने एक और पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि ""मैंने एक बेटी व् बहन के तौर पर अपना कर्तव्य एवं धर्म निभाया है और आगे भी निभाती रहूँगी , मुझे किसी पद की लालसा नहीं है, न मेरी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा है, मेरे लिए मेरा आत्म - सम्मान सर्वोपरि है।"