प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिकी राजदूर सर्जियो गोर ने शनिवार को मुलाकात की। इस दौरान अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बड़ा बयान दिया। पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात के बाद अमेरिकी राजदूत गोर ने कहा कि उनका देश भारत के साथ अपने संबंधों को महत्व देता है।
सर्जियो गोर ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री मोदी से एक शानदार मुलाकात की। हमने द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें रक्षा, व्यापार और तकनीक शामिल हैं। हमने दुर्लभ खनिजों के महत्व पर भी बात की। गोर ने आगे कहा कि राष्ट्रपति (डोनाल्ड) ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी को एक महान और निजी मित्र मानते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिका के भारत में नामित राजदूत सर्जियो गोर का स्वागत करके खुशी हुई। मुझे भरोसा है कि उनके कार्यकाल में भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।
आपको बता दें कि इससे पहले सर्जियो गोर ने विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मुलाकात की। जयशंकर और सर्जियो गोर के बीच अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। सर्जियो गोर अमेरिका के प्रबंधन एवं संसाधन उप सचिव माइकल जे रिगास के साथ छह दिवसीय यात्रा पर आए हैं।
सर्जियो गोर को दक्षिण-मध्य एशिया का भी जिम्मा सौंपा गया है। विदेश मंत्री जयशंकर ने सर्जियो गोर से हुई मुलाकात के बाद एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा कीं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लिखा कि आज नई दिल्ली में अमेरिका के मनोनीत राजदूत सर्जियो गोर से मिलकर प्रसन्नता हुई। भारत-अमेरिका संबंधों और इसके वैश्विक महत्व पर चर्चा हुई। उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं।'
भारत आए सर्जियो गोर ने कहा कि हमने विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ बेहतरीन बैठकें कीं।