Saurabh Bhardwaj: अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मोदी सरकार के एक काम की जमकर तारीफ की है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई की सराहना करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की प्रशंसा की। इतना ही नहीं, उन्हें स्टेशन पर स्लीपर क्लास के वेटिंग हॉल की व्यवस्था इतनी पसंद आई कि उन्होंने एक वीडियो बनाकर इसकी तारीफ की। AAP नेता का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसपर यूजर्स भी जमकर कमेंट कर रहे है।
सौरभ भारद्वाज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक 53 सेकेंड का वीडियो डालकर खुद रेलवे सेवा में आए सुधार को स्वीकार किया है। वीडियो शेयर करते हुए सौरभ भारद्वाज ने अपने ट्वीट में लिखा, "वैसे तो रेल विभाग ने रेल दुर्घटनाओं ने रिकॉर्ड बनाया है। मगर आज कुछ अच्छा दिखा तो सोचा इस बात पर विभाग की तारीफ़ भी की जाए।"