पति राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी सोनम के मोबाइल फोन की काॅल डिटेल में जिस नंबर पर सोनम ने बार बार काॅल किए थे, उसे लेकर बुधवार को दिनभर सस्पेंस बना रहा, लेकिन शाम को शिलांग पुलिस ने सोनम से ही पूछकर पता लगाया कि संजय वर्मा कौन है, उसने कहा कि वह उसके कथित प्रेमी राज का ही मोबाइल नंबर है। दरअसल ट्रू काॅलर पर संजय वर्मा नाम लिखा हुआ आ रहा था।
सोनम दो मोबाइल फोन चलाती थी। एक नंबर से लगातार कई घंटों तक वह राज से बातें करती रही। देर रात तक दोनों के बीच बातें होती थीं। बता दें, राज कुशवाहा सोनम का प्रेमी है। सोनम ने राज के साथ मिलकर ही हत्या की प्लानिंग की थी। सोनम वर्मा की काॅल डिटेल में पता चला है कि 1 से लेकर 25 मार्च तक सोनम ने किसी संजय वर्मा नामक शख्स, जो अब राज ही निकला है, को 119 बार काॅल लगाए। वह नंबर अब बंद आ रहा था। पुलिस ने इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया था। यह कयास लगाए जा रहे थे कि संजय वर्मा की सिम का इस्तेमाल सोनम ने किया होगा और राज व सोनम इस नंबर पर बातें करते रहे होंगे। शाम को शिलांग में अफसरों ने सोनम से ही इस बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह राज का नंबर है।
1 मार्च से 8 अप्रैल के बीच सोनम ने राज को 234 बार काॅल किए थे। बता दें, राजा की हत्या 23 मई को शिलांग में हनीमून यात्रा के बहाने ले जाकर कर दी गई थी। इसमें सोनम और राज मुख्य साजिशकर्ता हैं, जबकि तीन अन्य आरोपियों ने हत्या को अंजाम दिया था। आपको बता दें कि अपने पति की शिलांग में हनीमून के दौरान हत्या करने वाली सोनम रघुवंशी के इंदौर स्थित घर पर शिलांग पुलिस पहुंची। डेढ़ घंटे तक पुलिस ने सोनम के भाई गोविंद, मां और पिता से पूछताछ की। तीन अफसरों की टीम पूछताछ के लिए अपने साथ सवालों की सूची लेकर आए थे। उन्होंने गोविंद से पूछा कि सोनम के अकाउंट में इतनी राशि कैसे पहुंची। इसके अलावा शादी न करने के बारे में सोनम का क्या रुख था। इस बारे में भी उन्होंने सोनम की मां से सवाल किए। सोनम के भाई को शिलांग भी जाना होगा,क्योकि सोनम ने गाजीपुर से सबसे पहले गोविंद को ही काॅल किया था।