राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम के पॉश इलाके सुशांत लोक में 25 साल की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या की वारदात ने सभी को सन्न कर दिया. हत्या का आरोप उसके 49 वर्षीय पिता दीपक यादव पर है. कोर्ट ने शुक्रवार को उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया. कोर्ट में पुलिस ने कहा कि रिवॉल्वर मिल गई है, गोलियां रिकवर करना बाकी है. सोशल मीडिया की भी जांच करनी है. इस बीच घर वालों ने राधिका को अंतिम विदाई दी. गुरुग्राम के वजीराबाद गांव में राधिका का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान उसका भाई और चाचा समेत परिवार और आसपास के लोग मौजूद रहे. राधिका के अंतिम संस्कार के दौरान उसका भाई राधिका-राधिका चिल्लाया.
इस बीच बड़ा सवाल है कि आखिर पिता ने उसकी हत्या क्यों की? पुलिस के मुताबिक, दीपक यादव बार-बार बयान बदल रहा है. पहले उसने दावा किया कि राधिका पर पांच राउंड गोली चलाई, इसमें से तीन राउंड उसके शरीर पर लगा. हालांकि पोस्टमॉर्टम करने वाली डॉक्टरों की टीम के डॉ. दीपक माथुर ने बताया कि राधिका यादव के शरीर से चार गोलियां निकाली गई हैं. पुलिस के मुताबिक, दीपक ने बताया कि वो बेटी राधिका के टेनिस अकादमी खोलने से नाराज था. उसने कई बार अपनी बेटी को समझाया, लेकिन राधिका नहीं मानी. सेक्टर 57 के थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दीपक ने दावा किया कि उसे आस-पड़ोस के लोग कहते थे कि बेटी की कमाई खाते हो. इसी वजह से वो तनाव में था. यही नहीं दीपक ने ये भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर राधिका यादव के रील बनाने से भी वो परेशान था. रील बनाना उसे पसंद नहीं था. पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है. हालांकि राधिका के साथ खेलने वाले और ट्रेनिंग लेने वाले लोगों का कहना है कि राधिका के साथ उसके पिता दीपक अक्सर आते थे, कभी कोई तनाव नहीं दिखा.
ऐसे में सवाल उठता है कि अचानक घर में ऐसा क्या हुआ कि उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुलिस इसकी भी जांच कर रही है. पुलिस ने दावा किया, ''दीपक ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और बताया कि उसे अपनी बेटी द्वारा टेनिस अकादमी संचालित करने पर आपत्ति थी, जिसे लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ था.'' इस बीच राधिका यादव के एक गाने का वीडियो सामने आया है. इसके बोल हैं, ''कारवां चलता रहा मेरा, दिन भी यूँ ढलता रहा मेरा..फिर तुम्हारी याद आई हमको, रो गए हम सोच करके तुमको...'' ये गाना जून 2024 में एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि हो सकता है कि इस गाने के वीडियो की वजह से घर में तनाव पैदा हुआ हो. पुलिस के सामने सवाल है कि जब पिता ने राधिका यादव को गोली मारी तो घर में मां क्या कर रही थी? राधिका के चाचा कुलदीप यादव की ओर से दी गई पुलिस शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना के समय राधिका की मां मंजू यादव मकान की पहली मंजिल पर ही मौजूद थीं. सूत्रों ने बताया कि राधिका की मां ने कहा है कि वारदात के दौरान वो कमरे में थी, उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी. बुखार होने की वजह से वो आराम कर रही थी जिस वक्त दीपक ने वारदात को अंजाम दिया. मुझे पता नहीं कैसे क्या हुआ. मुझे पता नहीं कि मेरे पति ने मेरी लड़की की हत्या क्यों की. राधिका यादव का कैरेक्टर अच्छा था.