पश्चिम बंगाल की सियासत जहां इन दिनों चुनावी रैलियों और तीखे भाषणों से गरमाई हुई है, वहीं झाड़ग्राम से एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने राजनीतिक माहौल के बीच मानवीय जुड़ाव की एक अलग कहानी लिख दी।
रविवार को प्रधानमंत्री मोदी झाड़ग्राम में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद हेलिपैड की ओर लौट रहे थे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम और लंबा काफिला… सब कुछ तय प्रोटोकॉल के तहत चल रहा था। लेकिन तभी अचानक कुछ ऐसा हुआ, जिसने हर किसी को चौंका दिया।
प्रधानमंत्री का काफिला अचानक सड़क किनारे रुक गया। सामने थी एक छोटी सी झालमुड़ी की दुकान। बिना किसी पूर्व सूचना के पीएम मोदी गाड़ी से उतरे और सीधे उस दुकान की ओर बढ़ गए। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग कुछ पल के लिए समझ ही नहीं पाए कि हो क्या रहा है।
इस छोटी सी दुकान को चलाने वाले विक्रम साह, जो मूल रूप से बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं, पिछले 12 वर्षों से झाड़ग्राम में अपना कारोबार कर रहे हैं। उनके लिए यह पल किसी सपने से कम नहीं था। विक्रम बताते हैं कि प्रधानमंत्री ने बेहद सहज अंदाज में उनसे कहा “बढ़िया झालमुड़ी बनाओ।”