संसद पर हमले की 22वीं बरसी के दिन ही वहां सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को दर्शक दीर्घा से दो शख्स नीचे कूद गए। सांसदों ने दोनों शख्स को घेर लिया। जिसके बाद लोकसभा की सुरक्षा में लगे मार्शल भी तुरंत दौड़कर आए और दोनों युवको को पकड़ लिया। इस दौरान संसद भवन में अफरा-तफरी मच गई। इससे कुछ देर पहले दो लोग संसद के बाहर भी प्रदर्शन करते दिखे, इनमें से एक महिला भी थी। इनके हाथ में कलर गैस था, दोनों ने बाहर इसका छिड़काव किया। दोनों को सुरक्षाकर्मियों ने हिरासत में ले लिया। संसद के भीतर हुई घटना के बाद केंद्रीय गृह सचिव, आईबी, रॉ, दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ, आईटीबीपी और स्पेशल सैल के शीर्ष अफसर मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। घटना की जांच शुरू हो गई है। अब यह बात भी सामने आ रही है कि सभी एक-दूसरे को जानते थे।