फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nepal Protest: बालेंद्र शाह हैं कितने अमीर,भारत के साथ क्या है रिश्ता ? Amar Ujala News

Wed, 10 Sep 2025 05:00 PM IST
अभिलाषा पाठक वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम

नेपाल में बगावत के बाद केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया है। केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद एक नाम की चर्चा खूब हो रही है और वो नाम है बालेंद्र शाह का, जो बालेन शाह के नाम से चर्चित हैं। ओली सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद नेपाल की युवा पीढ़ी बालेन शाह को नेता बनाने की मांग कर रही है। बालेन शाह न सिर्फ काठमांडू में बल्कि पूरे नेपाल में प्रसिद्ध हैं और युवा पीढ़ी उनकी समर्थक है।

कौन हैं बालेन शाह?
बालेन शाह काठमांडू के 15वें मेयर हैं। बालेन पेशे से सिविल इंजीनियर और रैपर भी रहे हैं। बालेन शाह ने साल 2022 में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में काठमांडू मेयर चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया था। बालेन की छवि एक अच्छे प्रशासक की है और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बालेन के मेयर रहते हुए कई ऐसे काम हुए हैं, जिनसे राजधानी में प्रशासन बेहतर हुआ। बेदाग छवि और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख के चलते बालेन शाह लोगों के बीच, खासकर युवा पीढ़ी में खासे लोकप्रिय हैं। बालेन शाह अपने समर्थकों से जुड़ने के लिए पारंपरिक मीडिया के बजाय सोशल मीडिया पर खासे सक्रिय रहते हैं, जिससे युवा पीढ़ी उनसे जुड़ी।  

बालेंद्र ने भारत से की है इंजीनियरिंग की पढ़ाई
बालेंद्र का छात्र जीवन में भारत से भी रिश्ता है। उन्होंने इजीनियरिंग में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर्नाटक से की है। संगीतकार, रैपर, कवि, इंजीनियर से नेता बने शाह का नाम देश के अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में सबसे आगे चल रहा है। बालेंद्र का जन्म 27 अप्रैल, 1990 को काठमांडो के नरदेवी में एक मैथिल मूल के मधेशी परिवार में हुआ था। बालेन शाह के पिता राम नारायण शाह एक आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। उनके पिता आयुर्वेदिक अस्पताल में तैनाती के बाद मधेश प्रांत के महोत्तरी जिले से काठमांडो आए थे। बालेन शाह ने 12वीं की पढ़ाई वीएस निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल से की। उन्होंने हिमालयन व्हाइटहाउस इंटरनेशनल कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग की और बाद में कर्नाटक में विश्वेश्वरैया प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी (वीटीयू) से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की।

टाइम मैगजीन ने उभरते नेताओं की सूची में शामिल किया
साल 2023 में टाइम मैगजीन ने बालेन शाह को टॉप 100 उभरते नेताओं की सूची में शामिल किया था, जबकि न्यूयॉर्क टाइम्स जैसे वैश्विक मीडिया ने भी उनकी तारीफ की। बालेन शाह की लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें नेपाल की राजनीति में नई उम्मीद माना जा रहा है। हाल ही में उन्होंने जेन जी के नेतृत्व वाले प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि 'भले ही वे आयु सीमा (28 वर्ष से कम) के कारण प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सकते, लेकिन उनकी पूरी सहानुभूति और समर्थन प्रदर्शनकारियों के साथ है।' उन्होंने राजनीतिक दलों और नेताओं से आंदोलन का दुरुपयोग न करने की अपील भी की।बलेन शाह एक स्ट्रक्चरल इंजीनियर, रैपर, कवि और संगीतकार हैं जो बाद में राजनेता बने। वह इस प्रमुख पद पर चुने गए पहले स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में उभरे हैं। 7 सितंबर को, बलेन शाह ने नेपाल में भ्रष्टाचार और विवादास्पद सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ जेन-जेड के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शनों के लिए अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया था।बालेन शाह ने युवा होने के बावजूद नेपाल की राजनीति में प्रभावशाली पहचान बनाई है.

उन्होंने अपने रैप संगीत के माध्यम से भ्रष्टाचार, सामाजिक असमानता और युवाओं की समस्याओं पर आवाज उठाई. मेयर के रूप में वे शहर की बुनियादी ढांचे सुधार और विकास परियोजनाओं में सक्रिय हैं...बिजनेस टुडे और द वीक की रिपोर्ट के अनुसार, बालेन शाह की आय मुख्य रूप से तीन स्रोतों से आती है. उनके इंजीनियरिंग और निर्माण व्यवसाय से हर महीने लगभग 2 लाख नेपाली रुपैया से अधिक और सालाना करीब 24 लाख नेपाली रुपैया की आय होती है. संगीत और टीवी शो से वे प्रति माह लगभग 50,000 से 1 लाख नेपाली रुपैया और सालाना 6 से 12 लाख नेपाली रुपैया तक कमाते हैं. काठमांडू महानगरपालिका के मेयर के रूप में उनका वेतन 46,000 नेपाली रुपैया प्रतिमाह और लगभग 5.5 लाख नेपाली रुपैया वार्षिक है. इस तरह उनकी कुल मासिक आय 3 लाख नेपाली रुपैया से अधिक और वार्षिक आय करीब 36 लाख रुपैया आंकी जाती है.बालेन शाह अपनी खुद की कंपनी बालेन कन्सल्टिंग एंड कन्सट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. इस व्यवसाय के माध्यम से वे सिविल इंजीनियरिंग परियोजनाओं और पुनर्निर्माण कार्यों में शामिल रहते हैं. यह उनकी आमदनी का सबसे बड़ा स्रोत है. इसके अलावा, उनके रैप गाने और म्यूजिक वीडियो, टीवी शो और प्रतियोगिताओं में भागीदारी उनकी आय में योगदान देती है. उनके गाने युवाओं में लोकप्रिय हैं और उनका संगीत करियर आय का महत्वपूर्ण हिस्सा है. काठमांडू महानगरपालिका के मेयर के रूप में उनका मासिक वेतन 46,000 नेपाली रुपैया है. इसमें यात्रा भत्ता और अन्य सुविधाएं शामिल हैं.

 



 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें