उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय होने के बाद मंगलवार को कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। सबसे ज्यादा कन्नौज में 125 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि बहराइच, इटावा, अयोध्या, लखीमपुर खीरी और कानपुर में भी भारी बारिश हुई। बारिश से प्रदेश के तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 12 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 41 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 5 से 7 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिसके बाद बारिश की तीव्रता कम हो सकती है।