देश की राजधानी है नई दिल्ली। सत्ता का केंद्र है नई दिल्ली। ताकत का पता है नई दिल्ली। लेकिन, बीते कई घंटों से देश के हर राजनीतिक दल और दिग्गज नेता की निगाह जमी है--पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के घटनाक्रम पर। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर।
24 घंटे के भीतर जैसे सियासत अपनी धुरी पर पूरा एक चक्कर लगा चुकी है। जो लड़ाई अब तक कभी दाएं, कभी बाएं से हो रही थी, वो अब सीधे है। आमने-सामने। एक तरफ हैं माटी और मानुष की बात करने वाली ममता और दूसरी तरफ है पश्चिम बंगाल के किले में सेंध लगाने की भरसक कोशिश में लगी बीजेपी।