फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kolkata Airport Clash: अभिषेक बनर्जी के कोलकाता पहुंचते ही एयरपोर्ट पर भिड़े भाजपा-TMC कार्यकर्ता

वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम Updated Sat, 20 Jun 2026 03:30 AM IST

कोलकाता एयरपोर्ट पर उस समय भारी हंगामा और अफरातफरी का माहौल बन गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दोनों दलों के समर्थक एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के दिल्ली से कोलकाता पहुंचने से पहले एयरपोर्ट परिसर में दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। टीएमसी ने आरोप लगाया कि कुछ भाजपा समर्थक अभिषेक बनर्जी के आगमन पर उनके खिलाफ प्रदर्शन करने और उन पर अंडे फेंकने की योजना बनाकर एयरपोर्ट पहुंचे थे। इस आशंका के बाद वहां मौजूद टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप किया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

घटना के दौरान एयरपोर्ट परिसर में मौजूद यात्रियों और आम लोगों में भी तनाव और भय का माहौल पैदा हो गया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और सुरक्षा बलों को तत्काल मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया। अभिषेक बनर्जी के समर्थकों ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में दावा किया कि वे अपने नेता के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे, तभी भाजपा से जुड़े कुछ लोग वहां आए, जिनके हाथों में अंडे थे। समर्थकों का आरोप है कि जब उनसे इस तरह की राजनीतिक संस्कृति को बढ़ावा न देने की अपील की गई तो उन्होंने बदसलूकी शुरू कर दी। टीएमसी समर्थकों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने हथियार तक निकाल लिए और सवाल उठाया कि एयरपोर्ट जैसी उच्च सुरक्षा वाली जगह पर कोई व्यक्ति हथियार लेकर कैसे पहुंच सकता है। उन्होंने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने इन आरोपों को लेकर अलग रुख अपनाया है। केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए लोगों से शांति बनाए रखने और कानून पर भरोसा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए और सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। यह घटना एक बार फिर पश्चिम बंगाल की राजनीति में बढ़ते टकराव और राजनीतिक तनाव को उजागर करती है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें