जयपुर-अजमेर हाईवे पर एक बड़ा हादसा मंगलवार देर रात (7 अक्टूबर, 2025) को हुआ, जिसमें एलपीजी सिलेंडरों से भरे एक ट्रक में भीषण आग लग गई और लगातार धमाके हुए।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दोनों ट्रकों के ड्राइवर और क्लीनर लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएमएस अस्पताल प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने कहा, " एक वाहन ने गैस सिलेंडर से भरे एक टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी। टैंकर में सवार ड्राइवर और कंडक्टर को अस्पताल भेज दिया गया है... दोनों तरफ से यातायात रोक दिया गया है। दमकल की गाड़ियां मौके पर हैं। हम मुख्यमंत्री को लगातार एस्कॉर्ट कर रहे हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा जयपुर ग्रामीण के मौजमाबाद थाना क्षेत्र में जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक में आग लगने की घटना अत्यंत दुखद है। अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन दल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं ईश्वर से इस हृदय विदारक घटना से प्रभावित सभी नागरिकों की सुरक्षा एवं कुशलता की प्रार्थना करता हूँ
बगरू विधायक एवं भाजपा नेता कैलाश वर्मा ने कहा, "यहां पर हम लोग सबसे पहले पहुंचे थे.भगवान का आर्शीवाद रहा कि यहां पर कोई बड़ी घटना नहीं घटी और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है...1-2 लोग घायल हुए हैं उनको निजी अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल घटना पर प्रशासन के माध्यम से काबू पा लिया गया है.मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार पूरी घटना के ऊपर काबू है फिलहाल एक तरफ का यातायात चालू कर दिया है और दूसरी तरफ का यातायात चालू करने के लिए प्रशासन लगा हुआ है।"